DEMOCRATIC LIVE, पटना: आरजेडी की दावत-ए-इफ्तार पार्टी में सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की मुलाकात के बाद बिहार में पल-पल सियासत बदल रही है. नीतीश कुमार की NDA छोड़कर आरजेडी के साथ आने की अटकलें जोरों पर है. तेजप्रताप यादव भी दावा कर चुके हैं. हालांकि सीएम नीतीश कुमार इस अटकलों को खारिज कर चुके हैं. अबतक आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह नीतीश कुमार का RJD के साथ आने का विरोध करते रहे हैं. हालांकि अब नीतीश कुमार के प्रति जगदानंद सिंह थोड़े नरम पड़े हैं.
जगदानंद सिंह ने सीएम नीतीश कुमार का आरजेडी में स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अगर सुधर गए हो तो उनका आरजेडी में स्वागत है. साथ जगदानंद सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को तेजस्वी यादव के नेतृत्व को स्वीकार करना होगा. आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार लोहिया-कर्पूरी के रास्ते पर चलने को तैयार हो तो आरजेडी में उनका स्वागत है. हालांकि उन्होंने आरजेडी के साथ आने की पहली शर्त यह रखी है कि नीतीश कुमार को बीजेपी से संबंध खत्म करना होगा.
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का तेजस्वी यादव के साथ आने को लेकर आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा है कि उन्हें इस योजना में कभी भी सफल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि जहर किसी भी रूप में शरीर में प्रवेश करता है, तो यह मृत्यु का कारण बनता है. क्या समाजवाद को श्मशान तक पहुंचा दें? बिहार इस देश में क्रांति का आधार है. बिहार में देश की राजनीति को बदलने की शक्ति है, लेकिन बिहार को खुद को बचाना चाहिए.
बता दें कि बीते दिनों तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद जब नीतीश कुमार का आरजेडी के साथ आने की अटकलें थी. तब जगदानंद सिंह ने सीएम नीतीश कुमार को लेकर कहा था कि आरजेडी में कोई पद खाली नहीं है जहां नीतीश कुमार की एंट्री हो. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के लिए आरजेडी में कोई जगह नहीं है. जगदानंद सिंह ने तो सीएम नीतीश को लेकर यहां तक कह दिया कि जो दिमागी तौर पर असहज हो और स्थिर नहीं हो उसका भरोसा करना मुश्किल है.
जगदानंद सिंह द्वारा सीएम नीतीश को लेकर दिए गए बयान पर तेजप्रताप यादव ने पलटवार किया था. तेजप्रताप ने कहा था कि जगदानंद सिंह आदरणीय हैं. हमारे पूजनीय हैं चाचा समान हैं लेकिन इस तरह का बयान उनको नहीं देना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमने कह दिया कि मैं सरकार बनाऊंगा तो उनको तो ख़ुशी जाहिर करना चाहिए कि सरकार बन रही है. तेजस्वी अब सीएम बनेंगे. जगदानंद सिंह क्या चाहते हैं तेजस्वी जी सीएम नहीं बने. उनको इन बयानों से बचना चाहिए.



0 टिप्पणियाँ