राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आयी है. जहां लापरवाह सिस्टम ने एक मासूम की जान ले ली. पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र में मिरचाई घाट पर पिलर बनाने के लिए की गई गड्ढे में गिरकर मासूम की मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि बोरवेल में अचानक 2 साल का बच्चा गिर गया. इसकी खबर लगते ही वहां अफरातफरी का माहौल बन गया.
आनन-फानन में लोगों ने जेसीबी की व्यवस्था कर मिट्टी खोदकर बोरवेल से उस बच्चे को निकाला. हालांकि तब तक दम घुटने से बच्चे की मौत हो गई. गुरुवार की सुबह यह घटना हुई है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया. मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है. मृतक बच्चे की पहचान छोटू राय के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधवार की रात मिरचाई घाट के नजदीक एक व्यक्ति द्वारा पिलर बनाने के लिए बोरवेल कराया गया था. जिसकी गहराई लगभग 20 फीट के आसपास है. गुरुवार की सुबह छोटू राज का 2 साल का बेटा आयुष कुमार खेलने के दौरान अचानक बोरवेल में जा गिरा. आनन-फानन में लोगों ने जेसीबी मशीन की व्यवस्था करके बोरवेल के बगल से एक दूसरा गड्ढा खोद बच्चे को बाहर निकाला. हालांकि तब तक दम घुटने से बच्चे की मौत हो चुकी है. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


0 टिप्पणियाँ