अचार्य सुदर्शन पटना सेंट्रल स्कूल परिसर में धूमधाम के साथ विज्ञान प्रदर्शनी सह व्यंजन मेला का आयोजन किया गया। इस मौके पर बच्चों ने तरह-तरह के विज्ञान मॉडलों को प्रदर्शित कर अपनी प्रतिभा और कौशल से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा समाज विज्ञान, कला और साहित्य से संबंधित मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।
बच्चों की वाणी की प्रतिभा प्रदर्शन हेतु कई सुंदर भोज्य सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में सुप्रसिद्ध आईपीएस अधिकारी एवं विशेष सचिव गृह विभाग बिहार सरकार विकास वैभव मौजूद थे। इसके अलावा वाणिज्य महाविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के प्राचार्य डा. एनके झा भी उपस्थित थे।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ बीके सुदर्शन ने अतिथियों का स्वागत शाल पाटका और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। स्कूल के प्राचार्य ओपी सिंह ने भी अतिथियों का स्वागत किया। संस्था के संस्थापक और महान शिक्षाविद आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि विज्ञान को विकास के रास्ते पर चलना चाहिए ना कि विनाश के रास्ते पर। मेरी समझ से नैतिकता के बिना शिक्षा और संवेदना के बिना ज्ञान अधूरा है।
इसीलिए हमने अपने विद्यालय परिसर को तनाव मुक्त क्षेत्र बनाकर बच्चों की सांस्कृतिक चेतना और वैज्ञानिक सोच को विकसित किया है। प्रोफेसर डॉक्टर एनके झा ने बच्चों द्वारा प्रदर्शित मॉडलों की भूरी भूरी प्रशंसा की। अपने संदेश में विकास वैभव ने विज्ञान की महत्ता पर रोशनी डालते हुए कहा कि देश का भविष्य विज्ञान के विकास पर निर्भर करता है। आज बच्चों में विज्ञान के प्रति विशेष आकर्षण पैदा हुआ है। ऐसा अचार्य सुदर्शन पटना सेंट्रल स्कूल के मॉडलों को देखकर महसूस हुआ। जिन बच्चों ने इन्हें बनाया उनकी प्रतिभा की दाद देता हूं।
विज्ञान प्रदर्शनी सह व्यंजन मेला में उप प्राचार्य मनोज कुमार सिंह, अपराजिता चौबे, भौतिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष गणेश कुमार सिंह एवं अन्य शिक्षकों ने समारोह को संचालित किया। अंत में स्कूल के एकेडमिक निर्देशक अशोक अशोक कुमार सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

0 टिप्पणियाँ