राजधानी पटना में पटना मेट्रो निर्माण के लिए कवायद तेज हो गई है। फिलहाल मलाही पकड़ी से बैरिया के बीच निर्माण कार्य जारी है। जमीन हस्तांतरण संबंधित अधिकारियों की बैठक चल रही है। इस बीच एक खबर आई है कि पटना मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत पटना के प्रतिष्ठित साइंस कॉलेज कैंपस में एक का स्टेशन बनाया जाएगा। पटना मेट्रो के उन छह स्टेशनों में होगा जो अंडर ग्राउंड बनेंगे।
इन जगहों पर बनेंगे अंडरग्राउंड स्टेशन
उपलब्ध जानकारी के अनुसार पटना में अंडरग्राउंड मेट्रो के लिए रूट निर्धारित कर लिया गया है और इसके तहत राजेंद्र नगर, मोइनुलहक स्टेडियम, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी में अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जाने हैं. यहां यह बता दें पटना मेंट्रो परियोजना शहर के बीच से होकर गुजर रही है और इसे पूरा करने के लिए 42 महीने यानी साढ़े तीन साल का समय दिया गया है। सभी काम को तय समय पर पूरा करने के लिए पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा कार्यकारी एजेंसी को फंड जारी किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार मेट्रो निर्माण का कार्य एलएंडटी कंस्ट्रक्शन के हैवी सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस को सौंपा गया है।
हफ्ते से शुरू हो जाएगा दानापुर रूट का कार्य
बता दें कि जनवरी 2022 के दूसरे पखवाड़े में पटना मेट्रो का दानापुर रूट में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। फिलहाल दानापुर से रुकनपुरा तक एलिवेटेड मेट्रो के लिए यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम चल रहा है। यह काम पूरा हो जाने के बाद पिलरों का बनाया जाना शुरू किया जाएगा। फिलहाल आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक एलिवेटेड मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक 6.60 किलोमीटर में 250 पिलर बनाए जाने हैं। इनका निर्माण पिछले एक साल से चल रहा है। 250 पिलरों में एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन के निर्माण के साथ-साथ एलिवेटेड लाइन भी शामिल हैं।
नॉर्थ साउथ कॉरिडोर में ये स्टेशन शामिल
पटना मेट्रो के नार्थ-साउथ कॉरिडोर मेट्रो परियोजना के तहत पटना जंक्शन से बैरिया के बीच साढ़े 14 किमी की दूरी में पटना मेट्रो के 12 स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर में जिन स्टेशनों के नाम पर विचार चल रहा है उसमें पटना जंक्शन के बाद आकाशवाणी, गांधी मैदान, पीएमसीएच, पटना विश्वविद्यालय, प्रेमचंद रंगशाला, राजेन्द्रनगर, नालंदा मेडिकल कॉलेज, कुम्हरार, गांधी सेतु, जीरो माइल, आईएसबीटी आदि हैं। यात्रियों के अधिक दबाव को देखते हुए इस कॉरिडोर पर कम दूरी में ज्यादा स्टेशन रखे गए हैं। कॉरिडोर डाकबंगला, अशोक राजपथ, राजेंद्रनगर से फिर बैरिया तक जाएगा

0 टिप्पणियाँ