दिसंबर 22, 2021: भारत रत्न पूर्व प्रधानमन्त्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा आगामी 25 दिसंबर को राज्य भर में सुशासन दिवस का आयोजन किया जायेगा. प्रदेश भर में इस कार्यक्रम के सफलतापूर्ण आयोजन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल द्वारा तीन सदस्यीय कमिटी की घोषणा की गयी है, जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन, सिद्दार्थ शंभू और सजल झा शामिल हैं.
इस आयोजन के लिए बारे में जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने आज कहा कि भारतीय राजनीति के अजातशत्रु कहे जाने वाले पूर्व प्रधानमन्त्री अटल जी आजाद भारत के उन गिने चुने नेताओं में से एक थे जिनका जुड़ाव सीधे लोगों के दिलों से था. विराट व्यक्तित्व के धनी अटल जी मानवीय गुणों से ओतप्रोत एक ऐसे राजनेता थे जिनका पूरा जीवन देश सेवा को समर्पित रहा. आज भी उनका कार्यकाल सुशासन के लिए याद किया जाता है. जन-जन के प्रिये अटल जी की जयंती पर होने वाले आयोजनों में सभी प्रदेशवासी सहभागी बन सके इसीलिए इस दिन भाजपा द्वारा पूरे प्रदेश भर में सुशासन दिवस का आयोजन किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इस दिन राज्य के सभी जिलों में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा अस्पतालों में फल वितरण, पुस्तकालयों में किताबें दान करना, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, कवि सम्मेलन जैसे जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. इसके अतिरिक्त जगह-जगह पर पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन आदि का आयोजन भी किया जाएगा. इस दिन पटना में एक सेमिनार तथा जिला स्तर पर विचार गोष्ठियों भी आयोजित की जाएंगी.
श्री रंजन ने कहा 25 दिसंबर को राज्य के सभी बूथों पर अटल जी की प्रतिमा व तस्वीरों पर माल्यार्पण किया जायेगा. इसके अतिरिक्त लोगों को केंद्र सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के विकास व सशक्तिकरण के लिए चलायी जा रही 122 योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस के इस कार्यक्रम को लेकर बिहार भाजपा पूरी तरह से तैयार है. पार्टी के कार्यकर्ता अपने स्तर से बिहार के कोने-कोने में इसका आयोजन कर रहे हैं. कार्यकर्ताओं में इस कार्यक्रम को लेकर ख़ासा उत्साह व्याप्त है. हमें पूर्ण विश्वास है कि बिहार में यह कार्यक्रम सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा.

0 टिप्पणियाँ